
*🔥 SSP डॉ० मंजूनाथ टी०सी० का साफ़ हुक्म —अपराधी नही बख्से जाएंगे*
*🔥 किराए की बात थी, नीयत चोरी की निकली — SSP का कहर, शातिर चोर बक्सा में जेवरात सहित हुआ गिरफ्तार*
*SSP नैनीताल की सख़्त चेतावनी — घर में किराएदार रखें, आंख बंद नहीं, सत्यापन ज़रूरी*
उधम सिंह राठौर – प्रधाम सम्पादक
हल्द्वानी।
नैनीताल पुलिस ने बुजुर्ग महिला के विश्वास पर खरा उतरते हुए दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का महज 08 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने जमीन की रजिस्ट्री, जेवरात और नगदी से भरा चोरी का बक्सा बरामद करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह घटना 15 जनवरी 2026 को हल्द्वानी के बद्रीपुरा क्षेत्र की है। पीड़िता दया नेगी, निवासी तल्ला गोरखपुर बद्रीपुरा, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति किराये पर रहने के बहाने उनके घर आया और खुद को दीपक बिष्ट निवासी दन्या, अल्मोड़ा बताया।
किराया तय होने के बाद आरोपी ने सामान लाने के बहाने पीड़िता को घर के पीछे का गेट खोलने भेजा। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर घर के दो मंजिला कमरे से एक लोहे का बक्सा चोरी कर लिया, जिसमें सोने-चांदी के जेवर, करीब दस हजार रुपये नकद, साड़ियां और मकान की रजिस्ट्री रखी थी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 15/26, धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे बरेली रोड मेडिकल कॉलेज गेट के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह बिष्ट (34 वर्ष) पुत्र हरीश सिंह बिष्ट, निवासी खाड़ी सुनार, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
बरामद सामान
-
8000 रुपये नकद
-
04 जोड़ी चांदी की पायल
-
02 चांदी के सिक्के
-
02 बिछुवे
-
01 सोने की बाली
-
01 मंगलसूत्र
-
जमीन की रजिस्ट्री
-
लोहे का बक्सा
नैनीताल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
मीडिया सेल
नैनीताल पुलिस




