अंबेडकर जयंती पर भाजपा कार्यशाला, सीएम धामी ने किया नमन, सरोज राणा ने थामा कमल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का भारतीय संविधान के निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने देश को मजबूत संवैधानिक ढांचा प्रदान किया और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए उनका संघर्ष अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने सभी से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए इसे ही सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान के मूल सिद्धांतों—समानता एवं सामाजिक समरसता—पर प्रकाश डाला।
इस दौरान कालीमठ जिला पंचायत वार्ड की सदस्य श्रीमती सरोज राणा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, महिला आयोग उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला सह प्रभारी रघुबीर सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री विजय कप्रवाण, ऋषि कंडवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी, कार्यक्रम संयोजक विनोद देवशाली, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्तवाल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
— जिला सूचना अधिकारी, रुद्रप्रयाग



