फोन पर विवाद के बाद युवती ने पिया जहर, हालत गंभीर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
भवानीगंज / रामनगर: शनिवार सुबह भवानीगंज इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती नेशनल हाईवे 309 पर अचानक जहर पीकर बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की।
सूचना मिलते ही स्थानीय सभासद प्रतिनिधि जफर मौके पर पहुंचे और एक महिला की मदद से युवती को 108 एंबुलेंस के जरिए सरकारी अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवती का काशीपुर निवासी एक युवक से फोन पर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान और संबंध होने की बात भी सामने आई है।
कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद और महिला उप निरीक्षक राजकुमारी अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जबकि युवक की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है, वहीं युवती जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।


