लक्सर स्टेशन पर बंद मिले CCTV, नंदा देवी एक्सप्रेस से महिला रहस्यमय तरीके से लापता
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
चारधाम यात्रा के बीच रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केदारनाथ धाम से लौट रही 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह नंदा देवी एक्सप्रेस से रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार 5 मई की रात करीब 12 बजे देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस बहादुरपुर आउटर और लक्सर स्टेशन के बीच पहुंची थी। इसी दौरान अपने पति के साथ यात्रा कर रहीं प्रज्ञा सिंह अचानक सीट से गायब हो गईं। काफी देर तक ट्रेन में तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर लक्सर पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर, आसपास के होटल और अस्पतालों में जांच की गई, लेकिन 36 घंटे बाद भी महिला का कोई पता नहीं चल पाया है।
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि लक्सर जैसे व्यस्त रेलवे स्टेशन पर अधिकांश CCTV कैमरे बंद पड़े थे। इससे जांच एजेंसियों को महिला की मूवमेंट ट्रेस करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिजनों ने रेलवे प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि कैमरे चालू होते तो शायद महिला का सुराग मिल सकता था।
चारधाम यात्रा के चलते इन दिनों हजारों यात्री लक्सर स्टेशन से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में स्टेशन पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खुलने से यात्रियों में भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और महिला की तलाश जारी है।


