*बकरीद और पर्यटन सीजन पर SSP मंजुनाथ TC का अलर्ट:*
*देवभूमि में अराजकता बर्दाश्त नहीं: बकरीद, चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को सकुशल संपन्न करना हमारी प्राथमिकता*
*किसी भी अच्छा या व्यक्ति द्वारा कानून से खिलवाड़ किया तो होगी कड़ी कार्यवाही, चप्पे-चप्पे पर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात*
*सांप्रदायिक सौहार्द बनाये रखने की अपील, सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, गली, लिंक रोड, मैदान में नमाज़ और सार्वजनिक कुर्बानी पर रोक, सोशल मीडिया पर पैनी नजर*
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
मंजुनाथ टीसी ने बकरीद (ईद-उल-अजहा) और पर्यटन सीजन को लेकर जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड में चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, मानसखंड यात्रा और कैंची धाम यात्रा के चलते पर्यटन सीजन चरम पर है। ऐसे में यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए भारी मात्रा में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सीएलजी और शांति समिति की बैठकें लगातार आयोजित की जा रही हैं और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
नमाज को लेकर स्पष्ट निर्देश
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नमाज केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों जैसे मस्जिद और ईदगाह में ही अदा की जाएगी। किसी भी सड़क, पार्क, मैदान या सार्वजनिक स्थान पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर निगरानी
उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक प्रचार या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। किसी भी अराजक गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुर्बानी को लेकर भी सख्त गाइडलाइन
एसएसपी ने कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित और बंद स्थानों पर ही की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। साथ ही कुर्बानी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई की जिम्मेदारी
कुर्बानी के बाद अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण और साफ-सफाई बनाए रखना संबंधित लोगों की जिम्मेदारी होगी।
नैनीताल पुलिस ने सभी नागरिकों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।


