
स्मैक के खेल पर पुलिस का शिकंजा, गफूर बस्ती में नशे के आरोपी की गिरफ्तारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.20 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत 15 अक्टूबर 2026 को बनभूलपुरा पुलिस टीम ने गफूर बस्ती क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन सिद्दीकी (32 वर्ष), पुत्र आफताब सिद्दीकी, निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 173/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल: वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







