कैंची धाम मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले एवं विशाल भंडारे के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 जून को आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सोमवार को पुलिस कार्यालय हल्द्वानी में विभिन्न विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने की। बैठक में यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जबकि श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचाने के लिए शटल सेवाओं का संचालन भी किया जाएगा।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, स्वयंसेवकों और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सूचना एवं सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी ताकि कैंची धाम मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
— मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस




