

बिना मान्यता वाले मदरसों पर धामी सरकार की बड़ी कार्रवाई, 20 का संचालन बंद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड में निर्धारित मान्यता और शैक्षणिक मानकों का पालन नहीं करने वाले मदरसों के खिलाफ धामी सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में देहरादून और हल्द्वानी में बिना मान्यता संचालित मदरसों को सील किया गया है।
अल्पसंख्यक मामलों के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के मुताबिक, देहरादून में तीन मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया को सील किया गया, जबकि मदरसा दार-ए-अरकम और मदरसा दारूल उलूम रहीमिया के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने की लिखित अंडरटेकिंग दी है।
सरकार के मुताबिक प्रदेश में अब तक 17 मदरसों को सील किया जा चुका है, जबकि तीन मदरसों के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने की लिखित सूचना दी है। इस तरह अब तक कुल 20 बिना मान्यता संचालित मदरसों का संचालन बंद कराया गया है।
वहीं नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनि बाजार रोड, गौजाजाली उत्तर स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकाते आमिना और इंदिरा नगर, बनभूलपुरा स्थित एक अन्य बिना मान्यता प्राप्त मदरसे को भी सील किया गया है। नगर मजिस्ट्रेट ए.बी. वाजपेयी ने बताया कि संबंधित प्रबंधकों से मान्यता से जुड़े आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान का संचालन निर्धारित नियमों और मान्यता के बिना नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



















