
बाइक-स्कूटी की जोरदार टक्कर, 21 वर्षीय युवक गंभीर; मौके पर पहुंचे एसपी सिटी।
उधम सिंह राठौर -प्रधान संपादक
कालाढूंगी/नैनीताल। कालाढूंगी क्षेत्र में सोमवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बर पुल के पास कोटाबाग रोड पर हुआ। इसी दौरान रामनगर की ओर जा रहे एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम को मौके पर बुलाया और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कालाढूंगी भिजवाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को करीब 12:10 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पता चला कि मोटरसाइकिल संख्या UK 04 AL 6023 (हीरो स्प्लेंडर) से कालाढूंगी से अपने गांव जा रहे मोहम्मद फैज पुत्र मोहम्मद तूफानी, निवासी छोटी हल्द्वानी, कालाढूंगी, की सामने से आ रही स्कूटी संख्या UK 04 AH 9354 (टीवीएस एनटॉर्क) से टक्कर हो गई।
हादसे में मोहम्मद फैज के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। वहीं, दुर्घटना में शामिल स्कूटी चालक मौके से चला गया। पुलिस उसकी पहचान और घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







