कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया प्रेसिडेंट कप 2026 सीजन-1 का शुभारंभ।
उधम सिंह राठौर प्रधान संपादक
देहरादून। परेड ग्राउंड देहरादून में शुक्रवार को प्रेसिडेंट कप 2026 सीजन-1 का भव्य शुभारंभ हुआ। 29 मई से 07 जून 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन समिति द्वारा विजेता टीम को ₹1 लाख और उपविजेता टीम को ₹50 हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। साथ ही सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी वितरित की जाएंगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया। इस मौके पर राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला, भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, सचिवालय संघ अध्यक्ष दीपक जोशी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली और भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़ विशेष रूप से मौजूद रहे।
आयोजक अंशुल चावला ने बताया कि प्रेसिडेंट कप 2026 का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनकी प्रतिभा को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह आयोजन को और भी खास बना रहा है तथा भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि खजान दास ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और उन्हें मेहनत एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। वहीं आदित्य चौहान ने कहा कि खेल आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में मददगार साबित होते हैं।
प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सचिवालय संघ अध्यक्ष दीपक जोशी ने प्रेसिडेंट कप को युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने कहा कि उत्तराखंड के युवा हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं और खेल प्रतियोगिताएं उनकी प्रतिभा को नई दिशा देती हैं। भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़ ने कहा कि खेलों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत कर प्रतियोगिता को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सोनू बाली, कनू, शंकर रावत, तरुण जैन, राहुल पंवार, गौरव सिंह, आदर्श, अंशुल, मुकेश, हर्ष, संगा, हनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




