
मुख्यमंत्री धामी का कल नैनीताल जिले का दौरा, बिंदुखत्ता में लोक संस्कृति महोत्सव में करेंगे शिरकत।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 23 नवंबर को नैनीताल जनपद के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री लालकुआं के बिंदुखत्ता पहुंचकर लोकथात संस्कृति महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री 23 नवंबर को दोपहर 12:45 बजे हेलीकॉप्टर से श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) के एनआईटी हेलीपैड से रवाना होंगे और दोपहर 1:30 बजे लालकुआं के संजय नगर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे।
यहां से मुख्यमंत्री कार द्वारा दोपहर 1:45 बजे सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर-1, बिंदुखत्ता पहुंचेंगे। यहां आयोजित लोकथात संस्कृति महोत्सव में शामिल होकर सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे बिंदुखत्ता से रवाना होकर 2:55 बजे आदर्श इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद अपराह्न 3:05 बजे हेलीकॉप्टर से बनबसा के लिए प्रस्थान करेंगे।












