
कॉर्बेट परमिट बुकिंग प्रणाली सरल करने की मांग, नेचर गाइड एसोसिएशन ने पार्क वार्डन को सौंपा ज्ञापन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की परमिट बुकिंग व्यवस्था को सरल और पर्यटक हितैषी बनाने की मांग को लेकर जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन ने पार्क वार्डन को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने मौजूदा बुकिंग प्रक्रिया को जटिल बताते हुए इसमें आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बुधानी ने कहा कि वर्तमान में कॉर्बेट की परमिट बुकिंग प्रक्रिया काफी जटिल हो गई है। इसके चलते पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी परमिट बुक कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जटिल प्रक्रिया के कारण समय की बर्बादी होने के साथ ही पर्यटन कारोबार पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के आगामी रिजर्व फॉरेस्ट गेट खुलने के मद्देनजर बुकिंग व्यवस्था को सरल बनाना और भी जरूरी हो गया है। यदि पर्यटकों को परमिट बुकिंग में परेशानी होती है तो इसका असर स्थानीय पर्यटन कारोबार, रोजगार और पर्यटकों की संख्या पर पड़ सकता है। साथ ही पार्क प्रशासन के राजस्व पर भी इसका प्रभाव पड़ने की संभावना है।
ज्ञापन में मांग की गई कि वर्तमान परमिट बुकिंग प्रणाली का पुनः परीक्षण कर आवश्यक संशोधन किए जाएं और इसे सरल, सुगम एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन देने वालों में अनिल चौधरी, कैलास पपने, भवानी दत्त सती, प्रवेश पपने, विजय रावत, राजेश नेगी, प्रशांत कुमार, अशोक भट्ट, सुमन ध्यानी, हरि शंकर देव, उमेश ध्यानी, चंद्रशेखर सती, बलवंत नेगी, नीरज जोशी सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि पार्क प्रशासन मामले का संज्ञान लेते हुए परमिट बुकिंग व्यवस्था को लेकर जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।










