
युवाओं के सपनों को पंख देने की तैयारी, शिक्षा से रोजगार तक अवसर बढ़ाने में जुटी धामी सरकार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने तथा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं के पास नया विजन, आउट ऑफ द बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं और उन्हें पूरा करने का सामर्थ्य भी युवाओं में है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड का कोई भी होनहार बेटा या बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए राज्य में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में स्टेम लैब्स, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को बदलती जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और डिमांड बेस्ड स्किल्स से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए राज्य में औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। खेलों के क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय खेल नीतियां और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा आयोग और अग्निवीर सेल के माध्यम से भी युवाओं के भविष्य को बेहतर दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उन अवसरों को सफलता में बदलने की जिम्मेदारी युवाओं की है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।








