
खताड़ी में मीट और मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, छह कारोबारियों को नोटिस।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर, 21 सितंबर 2026। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को रामनगर के खताड़ी स्थित मीट मार्केट और मिठाई की दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया। अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर चलाया गया।
वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 07 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। दुकानदारों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मिठाई का सैंपल जांच के लिए भेजा
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की आशंका को देखते हुए मिठाई का एक नमूना नियमानुसार संग्रहित कर जांच के लिए फूड लैब भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छह मीट कारोबारियों को सात दिन का नोटिस
निरीक्षण में 06 मीट कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर वैध खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर संबंधित कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31(2) के तहत 07 दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया है। साथ ही तत्काल लाइसेंस बनवाने अथवा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में लाइसेंस नहीं बनवाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 58/63 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार इन धाराओं के तहत जुर्माने का प्रावधान है।
मीट मार्केट में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने खाद्य कारोबारियों को बिना लाइसेंस कारोबार नहीं करने और लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा स्वच्छता को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका को खताड़ी स्थित मीट मार्केट में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इनमें ढक्कनयुक्त डस्टबिन, दुकानों में शीशे, मीट टांगने के लिए स्टेनलेस स्टील के पाइप और हुक्स आदि की व्यवस्था शामिल है।
संयुक्त कार्रवाई में नगरपालिका की ओर से सफाई निरीक्षक लल्ला मियां और कर निरीक्षक शिखा आर्य, जबकि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान की दैनिक रिपोर्ट आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जा रही है।








