

🌿 नैनीताल पुलिस के हरियाली तीज महोत्सव में छाया सावन का रंग, झूले से लेकर तीज क्वीन तक खूब जमा रंग।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। सावन की फुहार, हरियाली की छटा, पारंपरिक झूले और महिलाओं की शानदार प्रस्तुतियां… नैनीताल पुलिस का हरियाली तीज महोत्सव शनिवार को हल्द्वानी स्थित मधुबन वाटिका में उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। पुलिस परिवार की महिलाओं, गृहणियों और बच्चों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सांस्कृतिक रंगों से महोत्सव को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई। विशिष्ट अतिथियों का स्वागत हरे-भरे पौधे भेंट कर और गजरा पहनाकर किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
महोत्सव की मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल, पत्नी एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी., रहीं। वहीं श्रीमती विनीता जगदीश चौधरी और श्रीमती रीतू कत्याल सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम में शिरकत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं में जूरी की भूमिका निभाई।
महोत्सव में पारंपरिक झूले ने सावन की यादें ताजा कर दीं। तीज क्वीन प्रतियोगिता में रैंप वॉक, क्विज और रैंडम सॉन्ग डांस जैसे राउंड ने खूब तालियां बटोरीं। महिलाओं और बच्चों के सोलो डांस ने भी समां बांध दिया। वहीं मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में तीज क्वीन का खिताब भावना पांडे ने जीता, जबकि शिवांगी जोशी द्वितीय और शीला मेहता तृतीय रहीं। सोलो डांस में मीनाक्षी प्रथम, आरती द्वितीय और जानकी भंडारी तृतीय रहीं। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बसंती पुजारी प्रथम रहीं। मेहंदी में अंजू भंडारी और रंगोली में आराध्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का संचालन महिला उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक और श्रीमती शालिनी मेहता ने किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव को सफल बनाने में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी सहित पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में डॉ. नंदिता अरकेल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और पुलिस परिवार के सदस्यों का आभार जताया।





















