विकास योजनाओं के खर्च में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव बोले—बजट लैप्स नहीं होना चाहिए।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
राज्य में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की वित्तीय प्रगति को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सख्त रुख अपनाया है। सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में Capital Expenditure, CSS, EAP, NABARD, Expenditure Plan और SASCI योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए और खर्च की गति तेज की जाए। उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय राज्य के समग्र विकास का प्रमुख आधार है, इसलिए सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी योजना का बजट लैप्स नहीं होना चाहिए।
बैठक में SASCI योजना 2025-26 की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए।
उन्होंने विभागों को मासिक व्यय लक्ष्य तय कर उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने, लंबित टेंडर और स्वीकृतियों को शीघ्र पूरा करने तथा जिलास्तर पर परियोजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि योजनाओं की प्रगति में तेजी आने से राज्य के विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


















