
NBW और कुर्की वारंट पर पुलिस का एक्शन, आखिरकार गिरफ्त में आया आरोपी।
न्यायालय के NBW और कुर्की वारंट के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा, भवानीगंज में मकान के पास से दबोचा; 2020 से चल रहे फौजदारी मामले में हुई कार्रवाई।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। नैनीताल पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर में एक बार फिर पुलिस ने वांछित आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट और कुर्की वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे मनिंदर सिंह उर्फ डिक्की को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भवानीगंज क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान शहीद भगत सिंह के पास स्थित उसके मकान के निकट से मनिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया।
मामला फौजदारी वाद संख्या 1084/2020 से जुड़ा है। आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 323, 377, 498A, 504 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में न्यायालय की ओर से NBW और कुर्की वारंट जारी किए गए थे।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस लगातार वांछित और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सोमेंद्र सिंह और कांस्टेबल संजय सिंह शामिल रहे।
रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












