
नेकी की दीवार के संयोजक तारा घिल्डियाल का सियासी कदम, 200 समर्थकों के साथ कांग्रेस में होंगे शामिल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। रामनगर की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। नेकी की दीवार के संयोजक तारा चंद्र घिल्डियाल ने कांग्रेस में शामिल होने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने 30 सितंबर, बुधवार को करीब 200 समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की है। यह सदस्यता नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के समक्ष ली जाएगी।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारा चंद्र घिल्डियाल ने अपने राजनीतिक फैसले के साथ रामनगर में कराए गए जनमत सर्वेक्षण के आंकड़े भी सार्वजनिक किए। उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीनों से सोशल मीडिया और विभिन्न समूहों के माध्यम से लोगों से संवाद कर रामनगर की राजनीतिक स्थिति को समझने का प्रयास किया गया। उनके अनुसार, इस सर्वेक्षण में कुल 15,510 लोगों ने अपनी राय दी।
घिल्डियाल की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 9,605 लोगों यानी 61.93 प्रतिशत ने कांग्रेस के पक्ष में राय दी। वहीं, भाजपा के पक्ष में 2,310 लोगों यानी 14.89 प्रतिशत ने समर्थन जताया। यूकेडी के पक्ष में 10.45 प्रतिशत और अन्य स्वतंत्र विकल्पों के पक्ष में 12.73 प्रतिशत लोगों की राय बताई गई। हालांकि, यह सर्वेक्षण स्वयं तारा चंद्र घिल्डियाल की ओर से कराया गया है।
उ
न्होंने कहा कि सर्वेक्षण का उद्देश्य जनता की अपेक्षाओं और राजनीतिक सोच को समझना था। जनता से मिले सुझावों के आधार पर उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा, रोजगार, युवाओं के लिए अवसर, ग्रामीण विकास और मूलभूत समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकताएं बताया।
तारा चंद्र घिल्डियाल ने हस्तलिखित घोषणा में कहा है कि वह अपने करीब 200 साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल होकर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। पार्टी नेतृत्व की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे स्वीकार करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एस. लाल, मोहम्मद ताहिर और टीके खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







