हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री को पहले जत्थे के विदाई समारोह का निमंत्रण।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि इस पहले जत्थे का नेतृत्व परंपरागत रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अध्यक्ष बिंद्रा ने जानकारी दी कि श्री हेमकुंट साहिब के कपाट 23 मई 2026 को खोले जाएंगे। इस पावन यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचकर गुरु गोबिंद सिंह की तपोभूमि के दर्शन करेंगे।


