उत्तराखंड सरकार के तीन वर्ष: मुख्य सचिव के निर्देश : उत्तराखंड में जनसेवा थीम पर होंगे विशेष कार्यक्रम।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून, 19 मार्च 2025: उत्तराखंड सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों के अनुसार, 22 मार्च से 25 मार्च 2025 तक सभी जनपद मुख्यालयों में बहुद्देशीय शिविरों एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनसेवा थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम 22 मार्च को जनपद अल्मोड़ा में तथा 23 मार्च 2025 को देहरादून में आयोजित किया जाएगा।
23 मार्च को समस्त जनपद मुख्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम होंगे, जिसमें सूचना विभाग द्वारा तैयार विकास पुस्तिका का विमोचन, बहुद्देशीय शिविर तथा चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित जनपद के प्रभारी मंत्री या सांसदगण करेंगे। जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रभारी मंत्री या सांसद की उपलब्धता बनी रहे।
क्या-क्या रहेगा विशेष?
- निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाओं का वितरण।
- विभिन्न विभागों द्वारा जनोपयोगी योजनाओं की जानकारी।
- राज्य सरकार की योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाभार्थियों की सक्सेस स्टोरीज़ का प्रचार-प्रसार।
- उत्तराखंड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन और लोक कला का प्रदर्शन।
- जन सामान्य के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी पठनीय सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री का संबोधन
23 मार्च को देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अपराह्न 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। इसका सीधा प्रसारण समस्त जनपद मुख्यालयों, तहसीलों और ब्लॉक मुख्यालयों में भी किया जाएगा।
24 मार्च से 30 मार्च तक जारी रहेंगे शिविर
23 मार्च के कार्यक्रम के बाद, 24 मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर भी बहुद्देशीय शिविर और चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जिलाधिकारी अपने स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे, जिसमें टेंट, फर्नीचर, जलपान, भोजन आदि की समुचित व्यवस्था शामिल होगी।
सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता तक सरकारी योजनाओं के लाभ पहुँचाना और विकास कार्यों की जानकारी देना है।























