जिलाधिकारी ने किया हल्द्वानी नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

जिलाधिकारी ने किया हल्द्वानी नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
ख़बर शेयर करें -

जिलाधिकारी ने किया हल्द्वानी नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

 

 

 उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

 

हल्द्वानी। शनिवार देर रात जिलाधिकारी वंदना सिंह ने हल्द्वानी नगर में चल रहे सीवर, पेयजल और ड्रेनेज कार्यों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में जाकर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, और यदि कोई समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित विभाग तत्काल समाधान सुनिश्चित करे।

 

 

निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय सीमा का ध्यान रखें

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि खुदी हुई सड़कों में पाइपलाइन का कार्य जल्द पूरा कर सड़कों को समतल किया जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिएं और निर्माण कार्यों के कारण कोई व्यवधान न हो।

 

जनता से सीधा संवाद

जिलाधिकारी ने वार्ड संख्या 48 के त्रिलोक नगर, नीलकंठ कॉलोनी, और अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एडीबी परियोजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति और सीवरेज कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने पेयजल, सीवरेज चैंबर की ऊंचाई, और विद्युत पोलों से जुड़ी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

 

तत्काल समाधान पर जोर

जिलाधिकारी ने पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने, हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक करने, और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सीवरेज चैंबर तकनीकी मानकों के अनुसार घरों के स्तर से नीचे बनाए जाएं ताकि जलभराव की समस्या न हो।

 

विद्युत और गैस पाइपलाइन को लेकर निर्देश

क्षेत्र में झूलते हुए विद्युत तारों की समस्या पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को जल्द से जल्द केबल लाइन बिछाने और आवश्यक पोल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, गैस पाइपलाइन निर्माण में हो रही देरी पर उन्होंने नगर आयुक्त को कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

 

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ एसडीएम हल्द्वानी, अधिशासी अभियंता और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी के इस निरीक्षण की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।