
गांवों के बीच छिड़ेगी स्वच्छता की जंग, 5 अक्टूबर से शुरू होगा अनूठा अभियान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए रामनगर विकासखंड की 10 ग्राम पंचायतों में छह माह की स्वच्छता प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। 5 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में गांवों के बीच स्वच्छता और बेहतर कचरा प्रबंधन को लेकर प्रतिस्पर्धा होगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करने के साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना है।
वेस्ट वॉरियर्स की ओर से पंचायती राज विभाग, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय नैनीताल और खंड विकास अधिकारी कार्यालय रामनगर के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ढिकुली, क्यारी, हिम्मतपुर डोटियाल, लछमपुर ठेरी, करनपुर, सांवल्दे पूर्व, सांवल्दे पश्चिम, ढेला, आनंद नगर और गौतम नगर ग्राम पंचायतें शामिल होंगी।
छह माह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान ग्राम पंचायतों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही कचरे के प्रभावी निस्तारण के व्यावहारिक उपाय विकसित करने और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
इस पहल के जरिए गांवों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के साथ ही उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से बेहतर स्वच्छता व्यवस्था अपनाने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित कर अन्य गांवों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत करने की योजना है।
आयोजकों का उद्देश्य रामनगर विकासखंड में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को जन आंदोलन का रूप देना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर स्थायी व्यवस्था बन सके।







