
मुख्यमंत्री धामी के काठगोदाम-नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान संभाली।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर/हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित काठगोदाम-नैनीताल भ्रमण को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के आदेश पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके निर्धारित दायित्व, वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल, रूट सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन और आपसी समन्वय के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू करने के साथ आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
कार्यक्रम स्थल और रूट के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। साथ ही वायरलेस संचार और सभी ड्यूटी प्वाइंट के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं। साथ ही आमजन और यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखें।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीएफओ गौरव किरार समेत विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







