
*🚨 NEET-2026 पुनर्परीक्षा पर नैनीताल पुलिस का अभेद्य सुरक्षा घेरा*
*एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने किया पुलिस बल को ब्रीफ, 11 केंद्रों के 100 मीटर दायरे में परीक्षार्थियों के अलावा किसी को अनुमति नहीं, नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर पैनी नजर*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रविवार 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा जनपद के हल्द्वानी, लालकुआं, बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र स्थित 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 4080 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे परीक्षा क्षेत्र को पांच जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। केंद्रों के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस, महिला पुलिस, एलआईयू, होमगार्ड तथा CAPF के जवान तैनात रहेंगे। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट की भी व्यवस्था की गई है।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक अभ्यर्थी एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सघन जांच की जाएगी। DFMD, HHMD और मेटल डिटेक्टर के साथ-साथ टॉर्च के माध्यम से ब्लूटूथ एवं सूक्ष्म ईयर डिवाइस की भी जांच होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा अलग एनक्लोजर में की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैलकुलेटर तथा अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी केंद्रों पर जैमर सिस्टम सक्रिय रहेगा तथा सीसीटीवी और बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर अंकुश लगाने के लिए एसओजी, साइबर सेल और एलआईयू को सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे और किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, लाउडस्पीकर या अन्य व्यवधान की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को होटल, रिजॉर्ट, ढाबों, होम-स्टे, गेस्ट हाउस, साइबर कैफे और फोटोकॉपी दुकानों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही बैरियरों पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और डायल-112 की टीमें भी तैनात रहेंगी। नैनीताल पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।




