एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में कार्रवाई, स्मैक, अवैध शराब और सट्टेबाजी के खिलाफ तीन गिरफ्तार।
नैनीताल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों, शराब तस्करी और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
बिंदुखत्ता में स्मैक तस्कर गिरफ्तार
प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में चौकी बिंदुखत्ता पुलिस ने चेकिंग के दौरान दयानंद आर्या उर्फ दयाल उर्फ दल्लू को गिरफ्तार किया।
आरोपी को इमली घाट, गोला नदी पार ढोराडाम मार्ग से मोटरसाइकिल संख्या UK-04AG-8978 पर जाते समय पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक सिगरेट के डिब्बे में छिपाकर रखी गई 9.12 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्मैक को ऊधमसिंहनगर के पिपलिया शक्ति फार्म निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर क्षेत्र के युवाओं को बेचने की बात स्वीकार की। इस मामले में थाना लालकुआं में एफआईआर संख्या 89/2026 के तहत धारा 08/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बनभूलपुरा में सट्टेबाज दबोचा
प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गौला बाईपास रोड से वसीम पुत्र अजीज मियां निवासी लाइन नंबर-17, बनभूलपुरा को सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची, पेन, गत्ता और 2,020 रुपये नकद बरामद किए गए। उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 98/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में कार्रवाई की गई है।
96 टेट्रा पैक शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
थाना बनभूलपुरा पुलिस ने गश्त के दौरान विनोद सोलंकी पुत्र बालकराम निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को गौला बाईपास रोड स्थित स्लॉटर हाउस के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उसके कब्जे से 96 टेट्रा पैक माल्टा देसी मसालेदार शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 99/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नैनीताल पुलिस ने जनपदवासियों से नशे, अवैध शराब और सट्टेबाजी से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है।




