“विकास योजनाओं पर सांसद अजय भट्ट का एक्शन मोड, लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी”

"विकास योजनाओं पर सांसद अजय भट्ट का एक्शन मोड, लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी"
ख़बर शेयर करें -

“विकास योजनाओं पर सांसद अजय भट्ट का एक्शन मोड, लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी”

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

हल्द्वानी, 14 जुलाई। जनपद नैनीताल में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट ने की। करीब छह घंटे तक चली बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सांसद ने स्पष्ट कहा कि जनहित सर्वोपरि है और विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

 

 

बैठक की शुरुआत में सांसद अजय भट्ट ने तीन माह पूर्व आयोजित दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकांश विभागों ने संतोषजनक कार्य किए हैं, लेकिन जिन विभागों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  हरेला पर्व पर मालाग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

 

 

 

आरडीएसएस योजना की होगी जांच

विद्युत विभाग की आरडीएसएस योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि लगभग 351 करोड़ रुपये की इस योजना के बावजूद कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों को कार्यों की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

 

 

सितंबर तक पूरा हो मानसिक चिकित्सालय

नैनीताल के गेठिया में निर्माणाधीन मानसिक चिकित्सालय की समीक्षा करते हुए सांसद ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि अस्पताल का निर्माण हर हाल में सितंबर 2026 तक पूरा किया जाए, ताकि कुमाऊं के मरीजों को इलाज के लिए देहरादून नहीं जाना पड़े।

 

 

 

भवाली मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल को मिलेगी गति

बैठक में भवाली में प्रस्तावित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू होगी।

आपदा से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश

यह भी पढ़ें 👉  230 करोड़ की परियोजना पर कमिश्नर का सख्त एक्शन... देरी हुई तो अफसर होंगे जिम्मेदार!"

सांसद ने पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित आपदाओं को देखते हुए तीन माह का राशन, गैस एवं अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं लालकुआं के श्रीलंका टापू क्षेत्र में बारिश के दौरान स्वास्थ्य, राशन, बिजली और दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

 

 

 

सड़क हादसों पर सख्त रुख

हल्द्वानी-बरेली मार्ग के तीनपानी, गोरापड़ाव और लालकुआं रोड पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर सांसद ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने एनएचएआई को दुर्घटना संभावित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही यूपीसीएल को पूरी रात विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा पुलिस को रात्रि चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

 

 

 

स्मार्ट मीटर की शिकायतों का होगा समाधान

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश द्वारा स्मार्ट मीटरों से अधिक बिजली बिल आने का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद ने विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं को पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार बना तस्करों के लिए आफत, कालाढूंगी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा।

 

अन्य योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में काठगोदाम मोटर पुल, अमृतपुर बाईपास, मोबाइल नेटवर्क विस्तार, सीवरेज परियोजना, एसटीपी निर्माण, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं गैस पाइपलाइन परियोजना सहित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

सांसद ने निर्देश दिए कि पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ समय पर मिले, जर्जर विद्यालय भवनों के स्थान पर नए भवनों का प्रस्ताव तैयार किया जाए, शिक्षकों की कमी दूर की जाए तथा मशरूम उत्पादन सहित स्वरोजगार आधारित योजनाओं को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने गौशालाओं के विस्तार और आवारा गोवंश के संरक्षण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सुमित हृदयेश, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करें -