झनकईया मेले को CM धामी की बड़ी सौगात, दो स्थानों पर बनेंगे स्नान घाट, शारदा कॉरिडोर से होगा धार्मिक स्थलों का विकास।

झनकईया मेले को CM धामी की बड़ी सौगात, दो स्थानों पर बनेंगे स्नान घाट, शारदा कॉरिडोर से होगा धार्मिक स्थलों का विकास।

 

 

 

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा के ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।

 

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में सड़कों का होगा कायाकल्प! 2027-28 में कई राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण को मिलेगी मंजूरी।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का प्रतीक है। सदियों से भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है। यह मेला दोनों देशों के बीच आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि मेले में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, लोकगीत और पारंपरिक नृत्य इस मेले को विशिष्ट पहचान देते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मौत के जबड़े से पत्नी को खींच लाया पति! बाघ से भिड़ गया रामनगर का दर्शन सिंह।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जनजातीय महिलाओं को वन धन केंद्रों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को मेले में स्नान घाट, सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के माध्यम से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का नया एक्शन प्लान, अब बाइक पर पीछे बैठने वालों पर भी रहेगी नजर; स्कूल बसों की भी होगी पड़ताल।

 

 

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया।

 

 

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।