काठगोदाम-दिल्ली के बीच वंदे भारत चलाने की मांग तेज, रेल मंत्री से मिले सांसद अजय भट्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग उठाई। उन्होंने रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ ही पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी और स्थानीय यात्री आवागमन करते हैं।
सांसद भट्ट ने कहा कि काठगोदाम और दिल्ली के बीच वर्तमान में रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी गति और समय-सारणी यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप नहीं है। यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित की जाती है, तो यात्री सुबह दिल्ली पहुंचकर अपने जरूरी काम निपटाने के बाद शाम को वापस काठगोदाम लौट सकेंगे। इससे लोगों को एक ही दिन में दिल्ली आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत सेवा शुरू होने से कुमाऊं में पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। अजय भट्ट ने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस मांग को उठा रही है। इस संबंध में वह पूर्व में भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सांसद ने रेल मंत्री से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा जल्द शुरू करने की मांग की।




