
सीएम धामी के अनुरोध पर बड़ा फैसला, बनबसा स्टेशन पर रुकेगी अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को आधिकारिक पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी दी।
जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को मंजूरी दी है। इस फैसले से सीमांत क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से सीमांत क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के रुकने से कुमाऊँ क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगी।




