
मुखानी मामले में नया मोड़!
महिला की मौत से पहले सामने आया लेनदेन और सोने के आभूषणों का विवाद, बेटे ने चाकू लेकर पड़ोसी के घर पहुंचकर की तोड़फोड़।
मौत की असली वजह बिसरा रिपोर्ट के बाद होगी स्पष्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी में चाकू लेकर धमकाने और वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले की जांच में आर्थिक लेनदेन तथा सोने के आभूषणों से जुड़ा पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी छोटी मुखानी निवासी सविता के पुत्र पर आरोप है कि वह पूनम और उसके पति निलेश देवल के घर के बाहर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उन्हें बाहर निकलने के लिए ललकारा। आरोप है कि युवक के हाथ में धारदार हथियार था और उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया गया कि युवक ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में चाकू से स्क्रैच कर दिए और स्कूटी को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। परिवार ने सुरक्षा के लिए घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और तत्काल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस की पूछताछ में घटना के पीछे वर्ष 2023 से चला आ रहा आर्थिक लेनदेन और सोने के आभूषणों का विवाद सामने आया। जानकारी के मुताबिक, सविता के पति राजीव कुमार के उपचार के लिए आर्थिक जरूरत के दौरान पूनम ने आपसी विश्वास के आधार पर सविता को सोने के आभूषण उपलब्ध कराए थे। इन आभूषणों को गोल्ड लोन के माध्यम से धनराशि प्राप्त कर उपचार में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
बाद में आभूषण लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी आभूषण वापस नहीं किए गए। पूनम और निलेश द्वारा संबंधित गोल्ड लोन की जानकारी जुटाने पर कथित तौर पर पता चला कि ऋण की राशि समय पर जमा नहीं होने के कारण आभूषणों की नीलामी हो चुकी थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और तनाव बढ़ गया।
वहीं, सविता की मृत्यु को लेकर पुलिस का कहना है कि फिलहाल वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। मृत्यु के कारण की पुष्टि बिसरा जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की नियमानुसार जांच कर रही है।




