
धूमधाम से मना नैनीताल में 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री खजान दास ने फहराया तिरंगा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, 15 अगस्त 2026। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में मंत्री खजान दास ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा, सड़क सुधार और जनसुविधाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने उन्हें 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
समारोह के बाद प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत अम्बेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक भव्य तिरंगा रैली भी निकाली गई। रैली में प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और आमजन ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया।




















