
नंदा देवी महोत्सव में सुरक्षा का चाक-चौबंद इंतजाम, ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर नजर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में मेला क्षेत्र और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल लगातार सक्रिय मोड में तैनात है।
महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। ड्रोन टीमों द्वारा मेला क्षेत्र और आसपास के परिसर की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को संभाल रही हैं।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पुलिस क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि महोत्सव के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी लावारिस वस्तु अथवा संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचना दें।








