
रामनगर में 23 जनसेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण, सात निर्धारित स्थल से बाहर मिले; एक केंद्र बंद कराया।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। जनसेवा केंद्रों के संचालन में निर्धारित मानकों की जांच को लेकर तहसील प्रशासन ने सोमवार को रामनगर तहसील क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। तहसीलदार रामनगर, नायब तहसीलदार रामनगर और राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीमों ने क्षेत्र के 23 जनसेवा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जनसेवा केंद्रों पर पंजिका का रखरखाव, निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा किए जाने, आवंटित स्थल पर केंद्र का संचालन होने सहित अन्य निर्धारित मानकों की जांच की गई। इस दौरान कई केंद्रों पर अनियमितताएं सामने आईं।
प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण में मुख्य रूप से कुछ जनसेवा केंद्रों पर कस्टमर रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। वहीं कुछ केंद्र संचालक निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपस्थित नहीं मिले। इसके अलावा सात जनसेवा केंद्र अपने निर्धारित आवंटित स्थल पर संचालित होते नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान एक सीएससी सेंटर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके बाद उसे बंद करा दिया गया। प्रशासन की ओर से निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं की रिपोर्ट नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई है।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसेवा केंद्रों के संचालन में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।








