
रात के अंधेरे में खैर के हरे पेड़ पर चली आरी, 5 आरोपी पहुंचे जंगल में कटान करने, AI कैमरों ने बिगाड़ा खेल, दो गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
कालागढ़। कालागढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल में रात के अंधेरे में खैर के हरे पेड़ पर आरा-कुल्हाड़ी चलाना पांच लोगों को भारी पड़ गया। जंगल में लगाए गए AI कैमरों की पैनी निगाहों ने कथित अवैध कटान की गतिविधि पकड़ ली। सूचना मिलते ही वनकर्मियों ने रात में घेराबंदी की और मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
घटना 3 अक्टूबर की रात सोनानदी रेंज की कालागढ़ पश्चिमी बीट के नलकट्टा कक्ष संख्या-7 की कंडी सीमा के पास की बताई गई है। वन आरक्षी दिनेश सिंह गुसाईं के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान कैमरों के जरिए पांच लोगों के खैर के हरे पेड़ काटने की गतिविधि सामने आई। वनकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान दलजीत सिंह निवासी मडैया हट्टू, बाजपुर और अजय निवासी मडैया हट्टू, बाजपुर को पकड़ लिया गया। विभाग के अनुसार विशाल, अंग्रेज सिंह और सन्नी सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकले। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मौके से आरा, कुल्हाड़ी, 12 बोर के दो कारतूस और एक ऑल्टो कार बरामद कर जब्त की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
उप वन संरक्षक तरुण एस. ने बताया कि कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्रों में AI और IP कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी से वन अपराधों पर नजर रखने और आरोपियों तक पहुंचने में विभाग को मदद मिल रही है। कंडी सीमा से लगे जंगलों में गश्त भी बढ़ा दी गई है।







