
सड़क पर नियम तोड़े तो पुलिस का पड़ेगा हथौड़ा! नैनीताल में चला खाकी का ताबड़तोड़ एक्शन, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज।
स्कूल बसों पर भी पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 20 बसों की चेकिंग में 4 के कटे चालान, 7 चालकों के DL निरस्तीकरण की तैयारी
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। सड़कों पर मनमानी करने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं! यातायात नियमों को ठेंगा दिखाकर फर्राटा भरने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने ऐसा अभियान छेड़ा है कि नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत खाकी ने जिलेभर में चेकिंग का ऐसा शिकंजा कसा कि महज अभियान के दौरान 251 वाहनों के चालान काट दिए गए, जबकि 10 वाहनों को सीधे सीज कर दिया गया। सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई ने भी लापरवाह चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
16 नवंबर से शुरू हुए इस विशेष अभियान में पुलिस का निशाना सिर्फ आम वाहन चालक ही नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहन भी हैं। बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने खास नजरें जमा दी हैं। 20 स्कूल बसों की जांच में चार बसों के चालान किए गए।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित क्षमता, इमरजेंसी गेट, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड किट तक की बारीकी से पड़ताल की। नियमों में खामी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। अभियान में 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चल रहा यह अभियान साफ संदेश दे रहा है कि सड़क पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में पुलिस किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।
अब देखना होगा कि खाकी का यह सख्त एक्शन सड़क हादसों पर कितना ब्रेक लगा पाता है। फिलहाल पुलिस के तेवर देखकर इतना तय है कि नियम तोड़ने वालों के लिए सड़क पर निकलना अब आसान नहीं रहने वाला!












