
विजयपुर-पहाड़पानी मोटर मार्ग निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट से की मुलाकात।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में तब्दील करने की मांग को लेकर विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट से मुलाकात की। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष लंबे समय से लंबित वन भूमि प्रत्यावर्तन के मामले को रखते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किमी 0.000 से किमी 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट को वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी सौंपा। पत्र में वन भूमि के प्रत्यावर्तन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रकरण में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून से सैद्धांतिक एवं विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा। उन्होंने सांसद से संबंधित विभागों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराकर निर्माण प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु से पत्राचार करने के साथ ही दूरभाष पर भी वार्ता की। उन्होंने विजयपुर गांव के ग्रामीणों की समस्या के समाधान और सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।







