
मुख्यमंत्री के हल्द्वानी दौरे को लेकर पुलिस मुस्तैद, एसएसपी ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश।
उधम सिंह राठौर प्रधान संपादक
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। वीआईपी सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल की निगरानी और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को सतर्कता और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा मजबूत रखने तथा प्रभावी एक्सेस कंट्रोल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग करने के निर्देश दिए गए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान मार्गों पर किसी भी तरह की बाधा न रहे, इसके लिए पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया।
आम जनता को न हो परेशानी
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ आम जनता की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीनता और विनम्रता से पेश आने के निर्देश भी दिए गए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने ड्यूटी प्वाइंट, संचार व्यवस्था और मार्ग प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण सैनी, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, निरीक्षक यातायात भूपेश पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







