दशहरे की खुशियां मातम में बदलीं, रामनगर में कॉलेज छात्र समेत दो युवाओं की दर्दनाक मौत।

दशहरे की खुशियां मातम में बदलीं, रामनगर में कॉलेज छात्र समेत दो युवाओं की दर्दनाक मौत।

 

 

 

रामनगर। दशहरे की रात रामनगर में दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोसी बैराज के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में रामनगर महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के छात्र भावेश जोशी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हाथी डंगर क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास नहर में कक्षा 12वीं के छात्र मुकुल अधिकारी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दो युवा जिंदगियों के असमय खत्म होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

 

कोसी बैराज के पास दो बाइकों की भिड़ंत, कॉलेज छात्र की मौत

पहली घटना कोसी बैराज के पास डिग्री कॉलेज क्षेत्र की है, जहां देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय एक बाइक पर भावेश जोशी और अमन सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर योगेश था। दुर्घटना में भावेश की मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक सवार योगेश को भी चोटें आईं और उसे रामनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  अंकिता को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरी कांग्रेस, रणजीत रावत के नेतृत्व में निकला कैंडल मार्च।

 

 

 

गंभीर रूप से घायल अमन को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

 

 

करीब 20 वर्षीय भावेश जोशी रामनगर महाविद्यालय में प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता दीपू जोशी टेड़ा रोड पर परचून की दुकान चलाते हैं। भावेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में बेटे के भविष्य को लेकर सपने संजोए जा रहे थे, वहां अचानक मातम छा गया।

यह भी पढ़ें 👉  अष्टमी पर SSP मंजूनाथ टी.सी. ने पत्नी डॉ. नंदिता संग किया कन्या पूजन, मां दुर्गा से मांगी सुख-समृद्धि की कामना।

 

 

 

हाथी डंगर की नहर में मिला 12वीं के छात्र का शव

दूसरी घटना हाथी डंगर क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास हुई, जहां नहर में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान करनपुर निवासी मुकुल अधिकारी के रूप में हुई है। मुकुल ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। उसकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

 

डॉक्टर ने दी घटना की जानकारी

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. तौहीद के अनुसार, हाथी डंगर क्षेत्र से लाए गए युवक को अस्पताल पहुंचने पर मृत पाया गया। उसके सिर के अगले हिस्से में चोट थी। वहीं, बाइक दुर्घटना में भावेश जोशी को भी अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि घायल युवकों का उपचार किया गया और अमन को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  राज्याभिषेक की खुशियों से वनवास के दुख तक, ढिकुली की रामलीला में भावनाओं का सैलाब।

 

 

 

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

दशहरे की रात रामनगर के दो परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख लेकर आई। एक ओर भावेश की मौत से परिवार का इकलौता बेटा छिन गया, तो दूसरी ओर मुकुल की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। त्योहार की खुशियों के बीच हुई इन दो घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया और रामनगर में शोक का माहौल है।