
उत्तराखंड के गौरव और संस्कृति का भव्य उत्सव, नैनीताल में पहाड़ी व्यंजनों ने जीता लोगों का दिल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल के डीएसए मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले अमर राज्य आंदोलनकारियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
समारोह में आयोजित हिमालयन फूड फेस्टिवल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ स्थानीय पहाड़ी दलहन और अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसपी संचार आरडी मठपाल सहित अन्य अधिकारियों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर पहाड़ी संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया। सभी ने पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का भी आनंद लिया।
वहीं नैनीताल पुलिस की अग्निशमन इकाई सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। अग्निशमन टीम ने लोगों को आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।
कार्यक्रम में एसडीएम नैनीताल प्रतीक जैन, सीओ भवाली विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।












