
जौलजीबी मेले में सीएम धामी का मेगा ऐलान, 102.72 करोड़ की सौगात से सीमांत पिथौरागढ़ में विकास को मिलेगी नई रफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
**पिथौरागढ़।** भारत-नेपाल की साझा संस्कृति और सदियों पुराने व्यापारिक रिश्तों के प्रतीक ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य शुभारंभ किया। काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित इस मेले से मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 24 विकास योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण किया। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा और विकास योजनाओं को सीमांत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिलान्यास की गई योजनाओं में पिथौरागढ़ में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से नवीन सर्किट हाउस, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण प्रमुख है।
मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सौहार्द और पारंपरिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के नागरिकों को जोड़ने का काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि जौलजीबी मेले से उनका विशेष लगाव रहा है। ऐसे आयोजन हमारी लोकसंस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की भागीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सीमांत क्षेत्र की साझा विरासत की झलक पेश की।












