
मानव तस्करी से लेकर महिला सुरक्षा तक, 600 छात्र-छात्राओं को पुलिस ने किया सतर्क।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रानीबाग। बच्चों की सुरक्षा और उन्हें अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने रानीबाग स्थित एनसीसी कैंप में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान करीब 600 छात्र-छात्राओं को बाल अपराध, मानव तस्करी और महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल और डायल-112 की पुलिस टीम ने कैंप में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने मानव तस्करी के तरीकों, इसके पीछे सक्रिय अपराधियों की कार्यप्रणाली और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बच्चों को बाल अपराधों की पहचान, रोकथाम और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए डायल-112 की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।
पुलिस का उद्देश्य युवाओं को जागरूक बनाकर उन्हें अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।












