
उत्तराखंड में सड़कों का होगा कायाकल्प! 2027-28 में कई राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण को मिलेगी मंजूरी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और चौड़ीकरण की प्रगति की जानकारी दी है। कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री धामी ने सितंबर 2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित स्केप टनलों को दो लेन मोटर वाहन यातायात के अनुकूल बनाने का अनुरोध किया था।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर सड़क का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। चंपावत बाईपास का 10 किलोमीटर कार्य प्रगति पर है, जबकि लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास को 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य है।
वहीं जौलजीबी-बागेश्वर मार्ग के अंतर्गत बंगापानी से बागेश्वर तक 160 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण की डीपीआर पूरी हो चुकी है। इसके अलावा बागेश्वर-कर्णप्रयाग के 108 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण की डीपीआर भी तैयार है। दोनों परियोजनाओं को 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-34 का 143 किलोमीटर चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर मार्ग में 14 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत है, जबकि शेष 86 किलोमीटर के कार्य को 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार और सामरिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।












