अपराधियों के लिए सख्त पहरा, श्रद्धालुओं के लिए सुगम राह मंजूनाथ के एक साल में नैनीताल पुलिस का दोहरा मोर्चा 06 से 48 घंटे में बड़े आपराधिक मामलों का खुलासा, नशा तस्करों से ₹10.93 करोड़ की बरामदगी और चुनौतीपूर्ण कैंची धाम मेले का सफल संचालन।

अपराधियों के लिए सख्त पहरा, श्रद्धालुओं के लिए सुगम राह… मंजूनाथ के एक साल में नैनीताल पुलिस का दोहरा मोर्चा।

06 से 48 घंटे में बड़े आपराधिक मामलों का खुलासा, नशा तस्करों से ₹10.93 करोड़ की बरामदगी और चुनौतीपूर्ण कैंची धाम मेले का सफल संचालन।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई बीते एक साल में लगातार सुर्खियों में रही है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने हत्या, लूट, चोरी, नशा तस्करी, साइबर ठगी और संगठित अपराध के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई बड़ी वारदातों का खुलासा किया। कहीं छह घंटे के भीतर डबल मर्डर जैसे सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश हुआ तो कहीं 10, 12, 24 और 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने अपनी सक्रियता दिखाई।

 

 

 

एसएसपी मंजूनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल में पुलिस की कार्रवाई का सबसे बड़ा केंद्र नशे के अवैध कारोबार पर प्रहार रहा। 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 अभियोग दर्ज किए गए, जबकि 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए। इनमें 25 किलो 846 ग्राम चरस, तीन किलो से अधिक स्मैक, 179 किलो 215 ग्राम गांजा, डोडा और बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल, गोलियां व इंजेक्शन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  चार मुकदमों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, रोहित आर्या छह महीने के लिए जिला बदर।

 

 

 

### छह घंटे से 48 घंटे में बड़े खुलासे

पुलिस की त्वरित कार्रवाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए बहुचर्चित डबल मर्डर मामले का महज छह घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के आरोपी टैक्सी चालक को 10 घंटे में गिरफ्तार किया गया। कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को भी 12 घंटे में ट्रैक्टर सहित दबोच लिया गया।

 

 

 

हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड और हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर पार्षद की गिरफ्तारी कर उसे गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा गया। मुखानी में बुजुर्ग महिला से कुंडल झपटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। वहीं मुखानी क्षेत्र में चोरी के मामले में भी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर 3.17 लाख रुपये से अधिक की नकदी और दस्तावेज बरामद किए।

 

 

 

मुखानी के चर्चित राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मकसूद समेत तीन शातिर आरोपियों को बनबसा से गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया। लालकुआं में 35 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषणों की तीन चोरियों का भी खुलासा किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  देवभूमि की वादियों में दौड़ेगा रोमांच, 80 साइकिलिस्ट 658 KM में दिखाएंगे दम, 10 जिलों को मिलेगी पहचान।

 

 

 

### डकैती से लेकर करोड़ों की ठगी तक कार्रवाई

नैनीताल पुलिस ने गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और 2.39 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद की गई।

रामनगर के एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भवाली में प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े सेक्सटॉर्शन मामले का पर्दाफाश किया गया। रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या और बुजुर्ग महिला की हत्या के मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 

 

 

गौला पार में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टा गैंग पर कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। मुखानी में दो चोरियों का खुलासा कर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया और नौ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद की गई।

 

 

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक खाते फ्रीज किए गए। वहीं अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

 

 

 

रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा पूछड़ी क्षेत्र में फेस-1 और फेस-2 में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण भी ध्वस्त किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  थारी गांव में नशे का काला साम्राज्य बेनकाब! पांच महिलाएं गिरफ्तार, गांजा-स्मैक और 3.54 लाख की नकदी बरामद"

 

 

 

### 912 खोए मोबाइल लौटाकर जीता भरोसा

अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा के मोर्चे पर भी नैनीताल पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। इससे पुलिस की कार्यशैली को लेकर आमजन में भरोसा मजबूत हुआ।

 

 

 

### कैंची धाम मेले की व्यवस्थाओं को मिली सराहना

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में कानून व्यवस्था के साथ बड़े आयोजनों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ के बावजूद पुलिस ने व्यापक तैयारियों और बेहतर प्रबंधन के जरिए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। चुनौतीपूर्ण आयोजन को सरलता और सुगमता से संपन्न कराने पर पुलिस को आमजन की सराहना भी मिली।

कुल मिलाकर एसएसपी मंजूनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल में नैनीताल पुलिस की कार्रवाई का फोकस अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी, संगठित अपराध पर अंकुश, नशा तस्करी के खिलाफ अभियान और जनसेवा पर रहा। ताबड़तोड़ खुलासों और करोड़ों की बरामदगी ने जिले में पुलिस की सक्रियता को चर्चा का विषय बना दिया है।