
किसान इंटर कॉलेज पीरूमदारा में मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी जानकारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को किसान इंटर कॉलेज पीरूमदारा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी देकर संविधान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। प्रत्येक विद्यार्थी को संविधान की प्रस्तावना का अध्ययन करना चाहिए और उसमें निहित आदर्शों, मूल्यों एवं उद्देश्यों को समझना चाहिए।
वहीं अधिकार मित्र जीवन चंद्र सत्यवली ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना के साथ ही मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।












