
स्कूली वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, 373 चालान और 4 वाहन सीज।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक चले एक सप्ताह के इस अभियान में पुलिस ने स्कूली वाहनों सहित यात्री वाहनों की सघन जांच की।
एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 2,674 वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों और वाहन संबंधी दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 373 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने पर 4 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया। इस दौरान 3,135 लोगों को सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई।
चेकिंग के दौरान विशेष रूप से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की फिटनेस, दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कमियां मिलने पर वाहन चालकों को उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।












