
“थारी गांव में नशे का काला साम्राज्य बेनकाब! पांच महिलाएं गिरफ्तार, गांजा-स्मैक और 3.54 लाख की नकदी बरामद”
# रामनगर में नशे के काले कारोबार पर पुलिस का महाप्रहार! थारी गांव में आधी रात जैसा एक्शन, पांच महिलाएं गिरफ्तार, गांजा-स्मैक और लाखों की नकदी बरामद
**ऑपरेशन ट्रेक-7 में रामनगर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप, 16 किलो से अधिक गांजा, 14 ग्राम से ज्यादा स्मैक और 3.54 लाख रुपये की नकदी बरामद।**
**रामनगर।** रामनगर के थारी गांव में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ऑपरेशन ट्रेक-7 के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में एक के बाद एक पांच महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। तलाशी के दौरान गांजे की बड़ी खेप, स्मैक और लाखों रुपये की नकदी बरामद होने से पुलिस भी हैरान रह गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर रामनगर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी के दिशा-निर्देश, क्षेत्राधिकारी रामनगर एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थारी, पीरूमदारा क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई में पासो कौर के घर से अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके बाद सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से कुल 16.120 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं मनप्रीत कौर के पास से 12.25 ग्राम स्मैक और कथित बिक्री से प्राप्त 3 लाख 35 हजार रुपये की नकदी मिली। दूसरी कार्रवाई में राधा के कब्जे से 2.33 ग्राम स्मैक और 19,200 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस की इस कार्रवाई में कुल पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
नशे के खिलाफ रामनगर पुलिस का यह एक्शन साफ संकेत है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।












