
सरस मेले में ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ शो ने मचाई धूम, हमिताभ बच्चन के अंदाज पर ठहाकों से गूंजा पंडाल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला-2026 के चौथे दिन आयोजित कॉमेडी शो ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शुक्रवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तर्ज पर मंच पर पहुंचे कलाकार ने अपनी दमदार आवाज, शानदार अंदाज और हाजिरजवाबी से ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला परिसर हंसी और तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को हॉट सीट पर बैठाकर रोचक सवाल-जवाब किए गए। दीदियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए। इस दौरान कलाकार और महिलाओं के बीच हुई मजेदार नोक-झोंक, कॉमेडी पंच और हास्य संवादों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए।
शो के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी आजीविका, स्थानीय उत्पादों और सफलता की कहानियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि किस तरह समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। कार्यक्रम ने मनोरंजन के साथ ही महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार का संदेश भी दिया।
आयोजकों के अनुसार सरस आजीविका मेला केवल उत्पादों की बिक्री का मंच नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा, हुनर और उपलब्धियों को पहचान दिलाने का माध्यम भी है। ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए लखपति दीदी योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित अन्य अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
मेले में देशभर से आए 250 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी जारी है।












