घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को ग्राम कंदला निवासी गुरमीत सिंह ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी कि अर्जुन व उसके साथियों ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से तमंचे व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मामले में कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 56/26 धारा 191(2), 191(3), 109, 333, 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पीरुमदारा क्षेत्र से वांछित आरोपी हितेश शर्मा पुत्र जितेंद्र शर्मा निवासी ग्राम जमुनाठेर, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ।
अवैध शस्त्र बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में मु0अ0सं0 65/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर यह वारदात की थी।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।


















