हादसों पर ‘वार’—युवाओं ने खुद भरे हाईवे के गड्ढे, दिया सुरक्षित सफर का संदेश।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर-हल्द्वानी नेशनल हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए युवाओं ने मिसाल पेश की है। बैलपड़ाव के पास लंबे समय से दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे गड्ढों को राहुल सिंह दरम्वाल और उनकी टीम ने खुद भरकर सड़क को गड्ढा मुक्त किया।
राहुल सिंह दरम्वाल ने बताया कि इस हाईवे पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, जिनमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले यात्री भी शामिल हैं। ऐसे में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे लगातार हादसों का कारण बन रहे थे, जिससे कई लोग घायल हो चुके हैं और मौत के आंकड़े भी बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और एनएच विभाग को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी टीम का उद्देश्य केवल गड्ढे भरना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित और आसान सफर उपलब्ध कराना है।
राहुल सिंह दरम्वाल पिछले काफी समय से इस तरह की मुहिम चला रहे हैं। कई बार विभागों से शिकायत करने के साथ-साथ वे खुद अपनी टीम के साथ मैदान में उतरकर सड़कों की मरम्मत का कार्य करते हैं।
इस अभियान के दौरान कमल रावत, कुलदीप बिष्ट, केशव बिष्ट, सौरभ छिमवाल (सन्नी), विशाल रावत, करन नेगी, गुड्डू अधिकारी, गोविंद खनायत, खीम खनायत, कप्तान सिंह, लोकश आर्य और सोनू तिवारी सहित कई युवा मौजूद रहे।


















