रामनगर पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई, Rs. 20 हजार का इनामी बदमाश अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। कोतवाली रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे ₹20 हजार के इनामी अभियुक्त समेत दो आरोपियों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित कोतवाली रामनगर पुलिस एवं एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चोरपानी क्षेत्र स्थित एक खाली मैदान से ₹20 हजार के इनामी अभियुक्त विशाल पासवान को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को वादी सुभाष की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 164/2026 दर्ज की गई थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हत्या की नीयत से फायरिंग की।
मामले में नामजद अभियुक्त विशाल पासवान पुत्र उमेश पासवान निवासी टांडा मल्लू, रामनगर की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी नैनीताल द्वारा उस पर ₹20 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान विशाल पासवान के कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद किया। उसके साथ मौजूद अनुज रावत पुत्र मोहन सिंह रावत निवासी ग्राम बसई, पीरूमदारा, रामनगर को भी एक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल दो अवैध तमंचे बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
- विशाल पासवान पुत्र उमेश पासवान, निवासी टांडा मल्लू, रामनगर (₹20 हजार का इनामी अभियुक्त)
- अनुज रावत पुत्र मोहन सिंह रावत, निवासी ग्राम बसई, पीरूमदारा, रामनगर
बरामदगी:
- 02 अवैध तमंचे
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक गणेश जोशी, कांस्टेबल विक्रम कुमार, विजेन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह, गगन भण्डारी, महबूब आलम, एसओजी के भूपेन्द्र ज्येष्ठा और भानु प्रताप।




